Keywords
Tags
Categories

एक जूस पड़ा भारी! BMW से 30 लाख उड़ाए, APMC मसाला मार्केट में दिनदहाड़े सनसनीखेज चोरी

APMC Admin | February 07 , 2026 | Mumbai Apmc
apmc-masala-market-bmw-30-lakh-theft-daylight

-जूस पीने गया व्यापारी, पीछे से 30 लाख पर हाथ साफ

-APMC मसाला मार्केट में सुरक्षा फेल! BMW का शीशा तोड़ 30 लाख की चोरी

-CCTV नदारद, चोर बेखौफ… APMC मार्केट में दिनदहाड़े 30 लाख गायब

-करोड़ों का सेस, जीरो सिक्योरिटी! APMC संचालक व प्रशासन पर सवाल


एपीएमसी न्यूज़ नेटवर्क: मुंबई APMC होलसेल मसाला मार्केट से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। मार्केट में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज चोरी ने एक बार फिर बाजार की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

शुक्रवार शाम करीब 6 बजे, भीड़भाड़ वाले इलाक़े में सेंट्रल फैसिलिटी बिल्डिंग के ठीक सामने खड़ी एक BMW कार का शीशा तोड़कर अज्ञात चोर करीब 30 लाख रुपये नकद से भरा बैग लेकर फरार हो गया।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात मार्केट के मुख्य चौराहे पर, दिन दहाड़े हुई, इसके बावजूद पूरे मसाला मार्केट परिसर में एक भी CCTV कैमरा मौजूद नहीं है। चारों तरफ CCTV न होने के कारण पुलिस को जांच में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही APMC पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस आसपास की दुकानों और निजी प्रतिष्ठानों में लगे CCTV फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जिस व्यापारी की कार से पैसे चोरी हुए हैं, वह सेंट्रल फैसिलिटी बिल्डिंग स्थित एक कथित हवाला कारोबारी से नकद राशि लेकर उसे कार में रखकर पास की जूस दुकान पर जूस पीने चला गया था। कुछ ही मिनटों बाद लौटने पर उसने देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ है और पैसों से भरा बैग गायब है।

पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं यह घटना आंतरिक धोखाधड़ी या किसी सुनियोजित साजिश से तो जुड़ी नहीं है। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि APMC मसाला मार्केट में CCTV कैमरे न होने के कारण आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं।उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर मार्केट संचालक और APMC प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

व्यापारियों का आरोप है की “हम हर साल करोड़ों रुपये का सेस भरते हैं, लेकिन इसके बावजूद हमें मूलभूत सुरक्षा सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। जरूरी काम छोड़कर संचालक और प्रशासन अनाधिकृत प्रवेश द्वार और अवैध निर्माण को बढ़ावा देने में व्यस्त हैं।”
मार्केट के भीतर सुरक्षा में भारी लापरवाही के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

इस बीच पुलिस हवाला कारोबार से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
व्यापारियों को सलाह दी जा रही है कि वे नकद लेन-देन और संदिग्ध कारोबारियों से सतर्कता बरतें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल APMC पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Video Stream





advertise